रायपुर:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को अधिकारियों को लंबित सिंचाई परियोजनाओं को जल्द पूरा करने और उनका समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति अपनाने के निर्देश दिए.
जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक: सीएम साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक की. इस बैठक में उन्होंने विभिन्न लंबित परियोजनाओं की प्रगति के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने राज्य भर में चल रही सिंचाई परियोजनाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और इस बात पर जोर दिया कि सभी अधूरी जल परियोजनाओं, विशेष रूप से 2015 से पहले से लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए.
सिंचाई परियोजनाएं समय पर पूरा करने का निर्देश: साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ किसानों का राज्य है और सिंचाई परियोजनाओं में देरी का सीधा असर सिंचाई क्षमता पर पड़ता है, जिससे किसान कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ पाने से वंचित रह जाते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से सिंचित क्षेत्र में वृद्धि होगी और किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा.
साय ने इस बात पर जोर दिया कि बेहतर सिंचाई अवसंरचना से कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा. किसानों को लाभ दिलाने के लिए सिंचाई परियोजनाओं का जल्द पूरा होना जरूरी है.
