मुंबई:- आईसीआईसीआई बैंक के बाद अब एचडीएफसी बैंक ने भी बचत खातों में न्यूनतम मासिक औसत बैलेंस (MAB) रखने की सीमा बढ़ा दी है. नया नियम 1 अगस्त 2025 से उन सभी ग्राहकों पर लागू होगा, जो इस तारीख के बाद नया खाता खोलेंगे.
जानकारी के मुताबिक इस बैंक के मेट्रो और अर्बन क्षेत्रों के उन कस्टमर्स को जिन्होंने नए खाते खुलवाए हैं, उनको सेविंग अकाउंट में ₹25,000 का मासिक न्यूनतम बैलेंस बनाए रखना अनिवार्य होगा. पहले यह सीमा ₹10,000 थी, लेकिन बदलाव के बाद खाता धारक अगर निर्धारित राशि से कम बैलेंस रखते हैं तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा. हालांकि, पुराने खातों के ग्राहकों पर इसका कोई असर नहीं होगा.
आईसीआईसीआई बैंक का हालिया बदलाव
इससे पहले आईसीआईसीआई बैंक ने भी न्यूनतम बैलेंस को ₹10,000 से बढ़ाकर ₹50,000 कर दिया था. विरोध के बाद बैंक ने सीमा घटाकर ₹15,000 कर दी थी. यह कदम दोनों बैंकों द्वारा बढ़ती परिचालन लागत और सेवा मानकों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है.
एसबीआई का IMPS चार्ज स्ट्रक्चर में बदलाव
वहीं, देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने IMPS के जरिए फंड ट्रांसफर पर लगने वाले शुल्कों में बदलाव का ऐलान किया है. नए चार्ज 15 अगस्त 2025 से लागू होंगे.
₹25,000 तक के ऑनलाइन IMPS ट्रांजैक्शन पर कोई चार्ज नहीं होगा.
₹25,000 से ₹1 लाख तक – ₹2 (GST अतिरिक्त)
₹1 लाख से ₹2 लाख तक – ₹6 (GST अतिरिक्त)
₹2 लाख से ₹5 लाख तक – ₹10 (GST अतिरिक्त)
