नई दिल्ली:– उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, केरल के एर्नाकुलम और इडुक्की में पहले से ही ऑरेंज अलर्ट जारी था।
बारिश से देशभर में बाढ़ और भारी जलभराव का संकट बना हुआ है। हिमाचल से लेकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर समेत केरल और यूपी तक जमकर बारिश हो रही है। आसमान से बरसती आफत से पहाड़ी राज्यों में भी भारी तहाबी देखने को मिली है।
हिमाचल प्रदेश में 311 सड़कें बंद, 257 मौतें
हिमाचल में भूस्खलन और तेज बारिश से हालात बेहद खराब हैं। ना सिर्फ लोगों की जानें जा रही है बल्कि कई तरह की परेशानियां सामने आ रही हैं। कई जगहों पर लोग पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान हैं।
अब तक मानसून सीजन में 257 लोगों की मौत हो चुकी है।
कुल 311 सड़कें, 348 बिजली ट्रांसफार्मर और 119 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
नालागढ़ में जमीन धंसने से पांच घर खाली कराए गए।
किन्नौर, चंबा और मंडी में हादसों से जानमाल का भारी नुकसान हुआ है।
उत्तराखंड: गंगोत्री हाईवे पर राहत कार्य
उत्तरकाशी जिले के धराली और हर्षिल में अचानक बाढ़ से बनी झील को खाली करने का काम जारी है। बारिश के चलते रुकावट के बाद भी इसे जारी रखा गया है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत का काम चल रहा है। अभी भी कई जगहों पर सड़क संपर्क बहाल नहीं हो पाया है।
राजस्थान में अगले 5 दिन बारिश का अनुमान
IMD के मुताबिक, उदयपुर और जोधपुर मंडलों में अगले 4-5 दिन मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर में भी गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ दिनों पहले राजस्थान में भी बारिश ने जमकर कोहराम मचाया था। सड़कें जलमग्न हो गई थीं। अब एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट परेशानी बढ़ा सकता है।
