रायपुर/गोवा। गोवा में आयोजित ऑल इंडिया होम्योपैथी रिसर्च समिट 2025 में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी को उनके उत्कृष्ट योगदान और अनुसंधान कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट स्टार ब्रेट ली और सांसद राजेश वर्मा ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।


कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट के “लिटिल मास्टर” सुनील गावस्कर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, वहीं प्रसिद्ध होम्योपैथिक विशेषज्ञ डॉ. नितीश दूबे की उपस्थिति ने समिट की गरिमा को और बढ़ाया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि “होम्योपैथी अब केवल वैकल्पिक चिकित्सा नहीं, बल्कि आधुनिक स्वास्थ्य प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रही है। हमारा प्रयास है कि इस पद्धति को और अधिक शोधपरक व प्रभावी बनाया जाए ताकि हर वर्ग के लोग इसका लाभ ले सकें।”
आयोजकों ने डॉ. त्रिवेदी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके शोध और नवाचारों ने होम्योपैथी को नई पहचान दी है। वे लगातार समाज को किफायती और सुरक्षित चिकित्सा पद्धति उपलब्ध कराने में लगे हैं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वास्थ्य और खेल को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए कहा कि यह समिट युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
