नई दिल्ली:- संसद के मॉनसून सत्र का आज बुधवार को 20वां दिन है. आज का दिन बहुत मत्वपूर्ण है. सरकार तीन बिल पेश करने जा रही है. इन बिलों में गंभीर आपराधिक आरोपों में फंसे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों को पद से हटाने का प्रावधान है. गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में तीन मसौदा कानून संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, केंद्र शासित प्रदेश सरकार विधेयक और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक पेश करेंगे. वहीं बिहार में एसआईआर के मुद्दे को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच गतिरोध जारी है. मंगलवार को भी विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर और भीतर हंगामा किया. इसके चलते सदन की कार्यवाही ठीक से नहीं चल सकी.
एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी पी राधाकृष्णन ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल करने से पहले संसद परिसर में स्थित प्रेरणा स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की. यहां प्रतिष्ठित हस्तियों की प्रतिमाएँ स्थापित हैं. उन्होंने सबसे पहले महात्मा गांधी की विशाल प्रतिमा के समक्ष नमन किया और फिर अन्य प्रसिद्ध हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की.