रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ लगातार नए आयाम गढ़ रही हैं। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय परिसर के कैंसर अस्पताल का विस्तार किया जा रहा है। मौजूदा जी प्लस टू (G+2) भवन को उन्नत कर जी प्लस सिक्स (G+6) भवन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 39.36 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित राशि स्वीकृत की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि यह परियोजना केवल ईंट-पत्थरों से बनी इमारत का विस्तार भर नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता के लिए उम्मीद की नई किरण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र गति प्रदान की जाए ताकि जनता जल्द से जल्द इसका लाभ उठा सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कैंसर से जूझ रहे मरीजों को सीमित संसाधनों और भवन संरचना के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जी प्लस सिक्स भवन तैयार होने के बाद अस्पताल में न केवल अधिक मरीजों का उपचार संभव होगा, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस कैंसर उपचार सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें उन्नत रेडियोथेरेपी मशीनें, आधुनिक केमोथेरेपी यूनिट, अत्याधुनिक सर्जिकल सुविधाएं और मरीजों के लिए आरामदायक वार्ड शामिल होंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही प्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह निर्णय छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।