नई दिल्ली:– देश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश ने कोहराम मचा रखा है। पहाड़ों पर बादल फटने से आशियाने तबाह हो चुके हैं, तो मैदानी इलाकों में बाढ़ ने कहर बरपा रखा है। इन सब के बीच भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार 26 अगस्त के लिए मौसम की भविष्यवाणी कर दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कल यानी मंगलवार को देश के 11 राज्यों में भयंकर बारिश होने वाली है। इसके साथ ही कई अन्य राज्यों में भारी बारिश की भविष्यवाणी भी की गई है। तो चलिए जानते हैं कल आपके राज्य का मौसम कैसा रहने वाला है…
दिल्ली और आस-पास का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को हुई हल्की बारिश ने लोगों को उमस से राहत दी। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को यहां अत्यंत भारी बारिश होने वाली है। इसके साथ ही हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी भयंकर बारिश की अनुमान जताया गया है। इन सभी राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
गुजरात-राजस्थान में होगी झमाझम
राजस्थान और गुजरात में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। वहीं, IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक कल यानी मंगलवार को भी इन दोनों ही राज्यों को राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने इन दोनों पश्चिमी राज्यों के अलावा दक्षिण पूर्व में आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यूपी-एमपी और बिहार का मौसम
बात करें उत्तर प्रदेश के मौसम की तो यहां कल बादल छाए रहेंगे। कुछ हिस्सों में बूंदा-बांदी हो सकती है। वहीं, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
पहाड़ी राज्यों में इस बार मानसून ने भयंकर तबाही मचाई है। हिमाचल प्रदेश में जबरदस्त बारिश और बादल फटने के चलते अब तक 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को यहां अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं जम्मू और कश्मीर में बहुत भारी बारिश और उत्तराखंड में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
येलो अलर्ट वाले राज्य: जिन राज्यों में मंगलवार को मौसम विभाग ने भारी मध्यम से भारी बारिश की आशंक जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल के साथ नॉर्थ ईस्ट के सभी राज्य शामिल हैं।
