नई दिल्ली:– बॉलीवुड एक्ट्रेस तनिष्ठा चटर्जी इन दिनों जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। ‘गुलाब गैंग’ और ‘जोरम’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं तनिष्ठा ने सोशल मीडिया पर खुलासा किया है कि उन्हें स्टेज 4 ओलिगो मेटास्टेटिक कैंसर है। 44 वर्षीय एक्ट्रेस ने बताया कि पिछले 8 महीने से वो इस बीमारी से जूझ रही हैं।
बाल गंवाने पड़े, मगर हौसला कायम
तनिष्ठा ने अपनी एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वो बिना बालों के नजर आ रही हैं। कीमोथेरेपी के चलते उन्हें सिर मुंडवाना पड़ा, लेकिन उनके चेहरे पर फिर भी मुस्कान है। इस तस्वीर ने फैंस को इमोशनल कर दिया और उनके हौसले को सलाम करने पर मजबूर कर दिया।
जिम्मेदारी ने बनाया मजबूत
एक्ट्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पिता को कैंसर में खोने के बाद अब खुद इसी बीमारी से लड़ना आसान नहीं है। लेकिन उनके पास हार मानने का विकल्प नहीं है, क्योंकि उनकी एक बुजुर्ग मां और 9 साल की बेटी है, जिनकी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है।
फैंस और सेलेब्स की दुआएं
सोशल मीडिया पर तनिष्ठा की इस पोस्ट के बाद से उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे उनके जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। लोग उनके हौसले और सकारात्मक सोच की जमकर सराहना कर रहे हैं।
तनिष्ठा का संदेश
अपनी पोस्ट के अंत में तनिष्ठा ने लिखा कि यह पोस्ट उनके दर्द के बारे में नहीं, बल्कि प्यार और ताकत के बारे में है। यही बातें उन्हें जिंदगी की इस सबसे कठिन लड़ाई में आगे बढ़ने की ताकत दे रही हैं।
