
नई दिल्ली। त्रिपुरा में हिंसा की खबरों के बीच अब दो महिला पत्रकार के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है। दक्षिणपंथी समूह विश्व हिंदू परिषद (VHP) की शिकायत के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। वहीं दोनों महिला पत्रकार ने त्रिपुरा पुलिस जवानों पर उन्हें डराने धमकाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार पत्रकार समृद्धि सकुनिया और स्वर्णा झा के खिलाफ केस दर्ज की खबर है। दोनों ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। वहीं अपने पोस्ट में त्रिपुरा पुलिस जवान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्वर्णा झा ने अपने ट्वीट में लिखा, “कल रात लगभग 10:30 PM बजे हमारे होटल के बाहर पुलिस आई, लेकिन उस समय उन्होंने हमसे कोई बात नहीं की. सुबह 5:30 बजे के करीब जब हम चेकआउट करने गए तब पुलिस ने हमारे अगेंस्ट जो शिकायत हुई है उसके बारे में बताया और पूछताछ के लिए धर्मनगर पुलिस स्टेशन ले जाने को कहा।” उन्होंने अपने पोस्ट में एफआईआर की कॉपी भी शेयर की है।
सूत्रों की माने तो शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस की एक टीम उनसे पूछताछ करने गई थी। वहीं दोनों पत्रकारों को अब तक न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने त्रिपुरा में एक मस्जिद को नुकसान पहुंचाने और तोड़फोड़ की खबरों का पूरी तरह से फर्जी बताया है। कहा है कि इस पर गलत बयानबाजी हो रही है। मंत्रायल ने स्पष्ट किया है कि त्रिपुरा में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। वहीं लोगों को शांत रहने और ऐसी खबरों से बचने की अपील की है।