नयी दिल्ली। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पहली बार आयोजित की जा रहे राष्ट्रीय स्तर की खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग (अंडर-21) का बुधवार को दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में उद्घाटन किया।
ठाकुर ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेलो इंडिया लीग के आयोजन के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और हॉकी इंडिया को संयुक्त रूप से बधाई दी। उन्होंने इन लीगों के महत्व के बारे में कहा, “ हमारे सभी एथलीट साल भर बहुत कठिन प्रशिक्षण लेते हैं, लेकिन एथलीटों के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि वे प्रतिस्पर्धा का पर्याप्त अनुभव हासिल करें, अगर उन्हें भविष्य में बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करना है, इसलिए पूरे वर्ष एथलीटों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के लिए इस तरह की लीग होना महत्वपूर्ण है। ”
खेल मंत्री ने कहा कि आगे चलकर अन्य खेल विधाओं के लिए भी लीग आयोजित की जाएंगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 2015 के बाद ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित होने वाला यह पहला बड़ा कार्यक्रम है। इस उद्घाटन समारोह में श्री ठाकुर के साथ केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

प्रामाणिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को दोहराते हुए कहा, “ प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हम इस लीग के माध्यम से चीयर फॉर इंडिया के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। मेरा मानना है कि ऐसे कई युवा खिलाड़ी हैं जिन्हें हमेशा यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हम खेल के मैदान पर अपना झंडा ऊंचा रखें। ”
बत्रा ने कहा, “ मेरा मानना है कि हॉकी को भारत के हर हिस्से में ले जाने के लिहाज से यह लीग चमत्कार करेगी। यह एक बड़ी पहल है। पिछले पांच या छह वर्षों में साई और खेल मंत्रालय का समर्थन बहुत बड़ा रहा है और इस सकारात्मक रवैये ने इस साल ओलंपिक में हॉकी के लिए बहुत अच्छा परिणाम प्राप्त करने में मदद की है। ”
उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट के 15 से 21 दिसंबर तक होने वाले पहले चरण में कुल 14 टीमें भाग लेंगी। पहले चरण के दौरान 42 मैच खेले जाएंगे, जबकि दूसरे और तीसरे चरण के मुकाबले अगले साल की शुरुआत में खेले जाएंगे। विजेताओं को 30 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। खेल मंत्रालय और हॉकी इंडिया की ओर से 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे।