भोपाल, 31 दिसंबर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर तैयारियोंं का जायजा लेने के लिए राजधानी भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी स्वास्थ्यकर्मियों का आह्वान करते हुए कहा कि कोरोना के डेल्टा वेरिएंट ने जैसा असर डाला था, ओमिक्रॉन का अभी वैसा असर नहीं है, पर हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना है। पिछले 24 घंटे में समूचे राज्य में कोरोना के 77 प्रकरण सामने आए हैं। भोपाल में 16 मामले सामने आए हैं। समय रहते पूरी व्यवस्थाएं करनी हैं। ऑक्सीजन बेड, आइसोलेशन, आईसीयू के साथ पूरे उपकरणों की व्यवस्थाएं चाकचौबंद रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछली लहर के दौरान जो कमियां रह गईं थीं, इस बार इस बड़े संकट से निपटने के लिए सभी कमियां दूर करनी है। अस्पतालों में एक महीने की आवश्यकता की दवाई होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं हर दो-तीन दिन में कोरोना तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। अभी ओमिक्रॉन वेरिएंट का इतना असर नहीं है, पर कब ये वेरिएंट स्वरूप बदल ले, कह नहीं सकते। देश में इसका असर दिख रहा है, इसलिए हमें हर परिस्थिति में तैयार रहना हाेगा।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में हर पहलू के प्रशिक्षण की जरूरत है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हमीदिया अस्पताल के माध्यम से प्रदेश भर के डॉक्टर्स और स्वास्थ्य से जुड़े अन्य लोगों से अपील की कि कर्त्तव्य एक बार फिर पुकार रहा है। सब मिलकर संकट का मुकाबला कर जनता को सुरक्षित निकाल लें।
उन्होंने कहा कि किशोरों के टीकाकरण की राज्य में पूरी व्यवस्थाएं उन्होंने देखी हैं। इस कार्य को युद्ध स्तर पर किया जाएगा।
नए साल के संबंध में उन्होंने कहा कि जनता जश्न के दौरान भीड़ न करे और सावधानी बरते।