खरसिया, 11 जनवरी। रायगढ़ की धरती संस्कार, संस्कृति की धरती है। यहाँ से कला के क्षेत्र में बड़े-बड़े महारथी निकले हैं। जिन्होंने अपनी कला के माध्यम से रायगढ़ जिले के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का भी मान बढ़ाया है। जैसे कलाविद राजा चक्रधर, वेदमणि सिंह ठाकुर, रायगढ़ इप्टा के अजय आठले। इस रायगढ़ की मिट्टी में कुछ ख़ास बात है जो आज भी यहाँ के बच्चे भी अपने बड़ों के नक्शे कदम पर चलकर अपनी कला का लोहा प्रदेश के साथ-साथ अन्य प्रदेशों में मनवा रहे हैं,पुरस्कार जीतकर आ रहे हैं और अपने माता-पिता, गुरुओं के साथ रायगढ़ का मान बढ़ा रहे हैं।
रायगढ़ जिले की कार्मेल स्कूल की कक्षा 3 की छ़ात्रा कुमारी सौम्या शर्मा ने 13 वें कटक महोत्सव में सोलो जूनियर कत्थक नृत्य में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर जिले को गौरान्वत किया है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाने वाला कटक महोत्सव उड़ीसा के कटक में 3 जनवरी से 9 जनवरी तक मनाया गया। इस वर्ष आयोजित 13 वें कटक महोत्सव में भारत भर के प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया, जिसमें रायगढ़ जिले के कार्मेल स्कूल की कक्षा 3 की छ़ात्रा सौम्या शर्मा को भी अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त हुआ था। अमित कुमार शर्मा और श्रीमती सुनिता शर्मा की पुत्री कुमारी सौम्या शर्मा ने 13 वें कटक महोत्सव में सोलो जूनियर कत्थक नृत्य में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है।
विदित हो कि कुमारी सौम्या ने वर्ष 2021 में पूणे में आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव में भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। सौम्या की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है, माता पिता परिजन तथा नृत्य शिक्षिका श्रीमती पूजा जैन ने सौम्या की इस सफलता पर बधाई देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।