सोल, 17 जनवरी। उत्तर कोरिया ने सोल के एक हवाई क्षेत्र से सोमवार को कम दूरी की मारक क्षमता वाली दो बैलिस्टिक मिसाइल दागी। दक्षिण कोरिया सेना के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) ने यह जानकारी दी।
जेसीएस के अनुसार सेना को आज सुबह प्योंगयांग के सुनन हवाई अड्डे से मिसाइलों के प्रक्षेपण करने का पता चला है। जेसीएस ने कहा, “वर्तमान में, हमारी सेना उत्तर कोरियाई के क्रियाकलापों पर नज़र बनाए हुए है और निगरानी कर रही है और किसी भी कार्रवाई से निपटने के लिए तैयारी किए हुए है।
दक्षिण कोरिया की एक प्रमुख समाचार एजेंसी योनहप की रिपोर्ट में उत्तर कोरिया के नवीनतम लॉन्च पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी इंडो-पैसिफिक कमांड ने कहा, “हम बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च के बारे में जानते हैं, लेकिन नवीनतम घटना का आकलन किया गया इससे अमेरिकी कर्मियों या क्षेत्र या हमारे सहयोगियों के लिए तत्काल कोई खतरा नहीं है।”
रिपोर्ट में कहा गया ‘‘ये मिसाइल प्रक्षेपण डीपीआरके के अवैध हथियार कार्यक्रम से क्षेत्र में अस्थिरता पैदा होने को उजागर करते हैं। कोरिया गणराज्य और जापान की रक्षा के प्रति अमरिका की प्रतिबद्धता बदस्तूर बनी हुई है।”
योनहप समाचार एजेंसी ने रिपोर्ट में कहा कि उत्तर कोरिया ने केवल तीन दिन बाद पूर्वी सागर में दो संदिग्ध कम दूरी की मारक क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइलों को लॉन्च किया।
एजेंसी ने कहा कि उत्तर कोरिया ने 05 जनवरी और पिछले सप्ताह मंगलवार को अपनी स्व-घोषित हाइपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण किया था, जिसके बाद से अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता में गतिरोध के बीच तनाव बढ़ गया था।
गौरतलब है कि अमेरिका ने उत्तर कोरिया पर बड़े पैमाने पर विनाश के हथियार बनाने और बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम को आगे बढ़ाने जैसे गतिविधियों में शामिल होने के आधार पर हाल ही में प्रतिबंध लगाये थे जिस पर उत्तर कोरिया ने कड़ी नाराज़गी दिखाते हुए एक “ सख्त और निश्चित प्रतिक्रिया” की चेतावनी भी दी थी।