भोपाल, 22 जनवरी। सेंट्रल मध्यप्रदेश और राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में ऊपरी हवा में बने चक्रवात के के कारण मौसम में आये बदलाव के चलते राज्य में कई स्थानों पर हुई बारिश के बीच अगले चौबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर वर्षा व बिजली गिरने के आसार हैं।
मध्यप्रदेश व राजस्थान में बने सिस्टम के प्रभाव से राज्य के उत्तरी हिस्से में आज सुबह से कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। कई स्थानों पर आसमान में बादल छाये रहे। शिवपुरी जिले में तड़के कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। अगले चौबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर कहीं हल्की बारिश व कहीं बिजली गिरने का अनुमान है।
भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक पी के साहा ने बताया कि सेंट्रल मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से में ऊपरी हवा में चक्रवात बनने से मौसम में बदलाव आया है। इस दोनों सिस्टम के प्रभाव के कारण राज्य में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति राज्य में कम से कम दो दिन तक रहने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि इन दोनों सिस्टम के असर से ग्वालियर व चंबल संभागों के जिलों के अलावा नीचम, मदंसौर, रतलाम, राजगढ़, आगर, विदिशा, टीकमगढ़, छतरपुर, निवाड़ी, दमोह व सागर जिले में कहीं-कहीं वर्षा या गरज चमक के साथ बौठारे पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बिजली गिरने का अनुमान है।
श्री साहा ने बताया कि राज्य के ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, छतरपुर, टीकमगढ़ व निवाड़ी जिले में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा का अनुमान है।
प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज आसमान में आंशिक रुप से बादल छाये रहे। इसके बाद बीच में धूप खिली।