भरतपुर, 31 जनवरी । राजस्थान के दौसा जिले में आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के कपाट आज श्रद्धालुओ के लिए खुलते ही जयकारो की गूंज के साथ भक्तिमय माहौल में श्रद्धालु खुशी से झूम उठे।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप एवं जिला प्रशासन के निर्देशों के चलते मंदिर प्रबंधन ने गत 11 जनवरी दोपहर मंदिर के कपाट बंद कर श्रद्धालुओं के दर्शनों पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी थी। इस रोक के हटने के बाद सोमवार को बालाजी मंदिर महंत नरेशपुरी महाराज के सानिध्य में पुजारियों ने मंदिर में आरती, हवन पूजन कर श्रद्धालुओं को दर्शन शुरू कराए।
वैक्सीन डबल डोज प्रमाण पत्र दिखाने एवं मास्क पहने श्रद्धालुओं को ही मंदिर मे प्रवेश दिया गया। मंदिर ट्रस्ट ने मंदिर के बाहर श्रद्धालु के दर्शन की रैलिंग की विशेष व्यवस्था, दो गज की दूरी, मंदिर के बाहर वैलेंटीयर, सुरक्षा गार्ड होमगार्ड एवं पुलिसकर्मी व्यवस्था बनाए रखने मे तैनात रहे। मंदिर खुलने से व्यापारियों में खुशी का माहौल है। मंदिर बंद होने के कारण होटल, धर्मशाला एवं दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया था। मंदिर खोलने को लेकर व्यापारियों ने जयपुर में राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीना को ज्ञापन भी दिया था।