चित्तौड़गढ़, 3 फरवरी। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ शहर में दो दिन से लापता दस वर्षीय बालक का शव आज एक कुंए से मिलने के बाद यहां तनाव के हालात उत्पन्न हो गए है।
मामले में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के चामटीखेड़ा निवासी दस वर्षीय आलोक उर्फ डुग्गु मंगलवार दोपहर अचानक लापता हो गया था जिसकी रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज होने के बाद पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो वह समीप की भिश्तीखेड़ा बस्ती के सलमान के साथ एक स्थान पर दिखाई दिया जिसके बाद बुधवार शाम पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बालक का शव एक कुंए में होना बताया।
आज सुबह पुलिस ने सलमान की निशानदेही पर कुंए से बालक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में मीणा समाज तथा अन्य लोग कलेक्ट्रेट पर एकत्र हो गए है। हालातों के मद्देनजर चामटीखेड़ा क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है वहीं कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किये जा रहे है।