बिलासपुर। जिले में बीते रविवार किडनैप किये गए छात्र की हत्या कर दी गई है। अपहरणकर्ताओं ने 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। आरोपियों ने हत्या के बाद लड़के के शव को दफना दिया था। पुलिस ने सोमवार सुबह शव बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी लड़के के पिता के परिचित हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार डीपूपारा निवासी आशिफ मोहम्मद का 17 वर्षीय बेटे रेहान रविवार शाम करीब 6 बजे घर से निकला था। इसके बाद रात तक वापस नहीं आया। परिजन उसकी रात तक तलाश करते रहे। इसी बीच उनके पास अपहरणकर्ताओं का कॉल आया और 50 लाख रुपए फिरौती मांगी। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद से ही पुलिस रेहान की तलाश में जुटी थी।
पुलिस ने जांच के दौरान साइबर सेल की मदद ली। इसके बाद तकनीकी साक्ष्य से पुलिस आशिफ के ही मोहल्ले डीडूपारा पहुंची और उनके पड़ोस में रहने वाले अभिषेक डॉन को पकड़ा।संदेह के आधार पर पुलिस ने अभिषेक से पूछताछ की तो उसने बताया कि अपने दो दोस्त शीबू खान और रवि के साथ मिलकर रेहान को अगवा किया था। पड़ोस में रहने के कारण परिचय था। ऐसे में लड़की से मिलाने का झांसा देकर वह रेहान को अपने साथ ले गए थे। रेहान सबको पहचान गया था, ऐसे में उसे जिंदा नहीं छोड़ सकते थे। गला दबाकर रेहान की हत्या कर दी और फिर शव रतनपुर क्षेत्र के रानीगांव में दफना दिया।
बहरहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।