जगदलपुर, 18 फरवरी। जगदलपुर के सनसिटी के नजदीक स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी में गुरुवार की रात एक बंद कमरे में मां व उसके मासूम बेटे का शव मिला। शव की हालत बेहद खराब हो गई थी, बताया जा रहा है कि घटना को घटे तीन दिन से अधिक हो गए हैं। रात नौ बजे के आसपास परिजन जब कालोनी स्थित इस मकान में पहुंचे तब उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने पहले 112 को काल किया, इसके बाद कोतवाली की टीम तत्काल वहां पहुंची। दरवाजा खोलकर जब पुलिस व परिजन भीतर गए तो उन्हें यह लोमहर्षक नजारा देखने को मिला। यहां मां व बेटे का शव एक साथ पलंग में दिखा। इसे देखते ही परिजन गश खा गए। आसपास कुछ कागज़ की पूडिया व उल्टी होने के सबूत भी पुलिस को मिले |
हाउसिंग बोर्ड कालोनी के ब्लॉक नंबर 21 के तीसरी मंजिल में मकान नंबर 389 में रहने वाले अमिताभ राय के घर पर यह शव मिले हैं। पेशे से एकाउंटेंट का काम करने वाले अमिताभ राय (48) का बालाजी मंदिर के सामने कार्यालय है। उन्होंने करीब 14 साल पहले करकापाल निवासी चमेली (अनु राय) से प्रेम विवाह किया था। दोनों का आठ साल का एक बेटा आरव (यश) था। बेटा यश विद्या ज्योति स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था।
चमेली का फोन चालू, अमिताभ का बंद
हाउसिंग बोर्ड में कई साल से रहने वाले अमिताभ राय की माली हालत ठीक बताई जा रही थी। घर पर दो वाहन भी हैं। चमेली के माता पिता ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम विवाह हुआ था। अक्सर किसी न किसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन होता रहता था। पर इतनी बड़ी घटना का अंदेशा उन्हें नहीं था। वे कुछ दिनों के अंतराल में चमेली व बच्चे यश से मिलने आया जाया करते थे। चार दिन पहले उन्होंने चमेली के फोन पर काल लगाया था। फोन से लगातार रिंग की आवाज आती थी पर कोई रिसीव नहीं करता था। तीन चार दिन तक यही नौबत रहने पर वे उनका हाल चाल जानने यहां पहुंचे तब पता चला कि इतनी बड़ी घटना घट गई है। इधर अमिताभ का सेल फोन लगातार स्वीच ऑफ बता रहा है।
चमेली के माता-पिता करकापाल में रहते हैं। रात में जैसे ही इस घटना की जानकारी उन्हें लगी तो अन्य परिजन भी घटना स्थल पहुंच गए थे। माता- पिता का रो रोकर बुरा हाल था। उन्होंने अमिताभ पर बेटी चमेली व यश की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि अमिताभ ने जहर देकर उनकी हत्या कर दी होगी। व दरवाजा बंद कर भाग गया है।
रात नौ बजे के आसपास कोतवाली की टीम हाउसिंग बोर्ड कालोनी पहुंच गई थी। सीएसपी हिमसागर सिदार ने बताया कि रुम का दरवाजा खोलने पर तेज बदबू आ रही थी। भीतर घुसने पर पलंग में दो शव दिखाई दिए। शव की हालत खराब थी। ऐसा लग रहा था कि तीन से चार दिन पुरानी यह घटना है। कोतवाली टीआई एमन साहू ने बताया कि शवों को मर्चूरी भिजवा दिया गया है। कमरे को सीलबंद कर दिया है।