10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू
धरमजयगढ़, 23 फरवरी। छाल क्षेत्र के ग्राम चंद्रशेखरपुर में व्याप्त समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आज छाल खुली खदान परियोजना के विस्तार का काम बंद कराते हुए 10 सूत्रीय मांगों को लेकर बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस संबंध में गोंगपा के ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रपति, राज्यपाल सहित मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में कहा है कि चंद्रशेखरपुर में ग्रामीण विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं जिसके बारे में 18 फरवरी को शासन प्रशासन को अवगत कराया गया है लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इसलिए गोंगपा ग्रामीणों के समर्थन में 22 फरवरी को छाल एसईसीएल खुली खदान सिम 3 परियोजना विस्तार का काम बंद करेगी।

इसके साथ ही अपनी मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन भी शुरू कर दिया गया है। इस सम्बंध में गोंगपा के जिला उपाध्यक्ष शौकीलाल नेताम ने बताया कि अश्रित परिवार को नौकरी, वन भूमि का अधिग्रहण निरस्त करने, पुनर्वास की राशि तत्काल दिए जाने व 5 डिसमिल भूमि के अर्जन पर भी नौकरी दिए जाने की मांग सहित सड़कों की बदहाली और खदान में होने वाली ब्लास्टिंग की समस्या को लेकर हम धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि शासन प्रशासन उनकी जल्द सुध नहीं लेता है तो हमारी हड़ताल जारी रहेगी और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देश पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। फिलहाल चंद्रशेखरपुर के पास रेलवे साइडिंग का काम बंद कराते हुए गोंगपा के कार्यकर्ता व स्थानीय ग्रामीण धरने पर बैठ गए हैं। बताया जा रहा है कि धरना स्थल पर एसईसीएल प्रबंधन की ओर से ग्रामीणों के साथ बातचीत का प्रयास असफल रहा।