भोपाल, 10 मार्च। पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों में आज हो रही मतगणना के बीच चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत बताया है।
श्री चौहान ने विधानसभा परिसर में संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा चार राज्यों में महाविजय की ओर बढ़ रही है। ये प्रधानमंत्री श्री मोदी की नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पर जनता विश्वास करती है। प्रधानमंत्री ने देश का विकास, गरीब कल्याण की योजनाएं और समाज के हर वर्ग का कल्याण किया है। ये काम अभूतपूर्व हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि चारों राज्यों उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा के मुख्यमंत्रियों ने कल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारा। अब स्पष्ट है कि तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलेगी।