कटनी, 15 मार्च। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के कुठला थाना के खरखरी ग्राम में आज दोपहर एक युवक ने युवती के गले पर धारदार हथियार से प्रहार करने के बाद स्वयं के गले पर भी वार कर लिया, जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार खरखरी गांव के आंगनवाड़ी केन्द्र में एक युवक ने युवती के गले पर धारदार हथियार से हमला कर स्वयं के गले पर भी हथियार से वार कर लिया। घटना के बाद दोनों आंगनबाड़ी केन्द्र के बाहर सीढ़ियों पर खून से लथ-पथ पड़े हुए थे। सूचना मिलते ही लड़की के परिजन एवं ग्रामीणों दोनों को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुयी है। दोनों की पहचान प्रताप यादव और सविता यादव की रूप में की गयी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच शरू कर दी है।