बैतूल, 17 मार्च । मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में भोपाल-नागपुर मार्ग पर रात्रि में चलती हुयी बस में अचानक आग लग गयी, हालाकि समय रहते सचेत हो जाने के कारण यात्री सुरक्षित बस से बाहर निकल गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नीमपानी के पास कल रात एक चलती यात्री बस में आग लग गई। यात्रियों को समय रहते बस से बाहर निकालने से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस जलकर खाक हो गई।
थाना प्रभारी शिवनारायण मुकाती ने बताया कि एक निजी ट्रेवल्स की वॉल्वो बस यात्रियों को लेकर भोपाल से हैदराबाद जा रही थी। तभी भोपाल-नागपुर हाईवे के बैतूल जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर नीमपानी के पास रात्रि में बस के पिछले टायर में आग लग गयी। आग की लपटें उठती देख यात्रियों ने तत्काल इसकी जानकारी बस चालक को देकर बस रुकवायी। यात्री घबराकर सामान छोड़कर बस से नीचे उतर गए।
इसी बीच आग ने विकराल रूप लेते हुए बस को अपनी चपेट में ले लिया। नगर परिषद के दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आग लगने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों का सामान जल गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।