
मामला राजस्थान के धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना इलाके से है। कट्टे का भय दिखाकर 26 वर्षीय दलित महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला के साथ गांव के कुछ लोगों ने दुष्कर्म किया है। महिला, अपने पति और बच्चों के साथ खेत से सरसों की कटाई कर के घर वापस आ रही थी।
गांव के कुछ आरोपियों ने पहले पति के साथ मारपीट की, फिर कट्टा का भय दिखाकर बच्चों के सामने ही महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने इस संबंध में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश करने में जुट गई है। सीओ विजय सिंह ने बताया कि कंचनपुर थाना इलाके की एक महिला ने थाने पर तहरीर दी है कि वह 15 मार्च को अपने खेत से अपने पति और बच्चों के साथ सरसों काट कर आ रही थी। तभी रास्ते मे गांव के कुछ लोगों ने उनको रास्ते में रोक लिया।
उन्होंने पहले मेरे पति के साथ मारपीट की और सिर में कट्टे का बट मार दिया। मेरा पति जान बचाकर वहां से भाग गया। गांव के कुछ लोगों ने मेरे साथ मारपीट की और कट्टे का भय दिखाकर मेरे साथ जबरन दुष्कर्म किया। मेरे बच्चे ये सब देख चीखते रहे। सीओ विजय सिंह ने बताया कि पति के साथ पहुंची महिला ने थाने में आकर गांव के लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर मेडकिल बोर्ड से मेडिकल कराकर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपी दुष्कर्म कर गांव से फरार हो गए हैं।