रायसेन, 19 मार्च । मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के चंदपुराखमरिया गांव में दो समुदायों के बीच संघर्ष के दौरान आगजनी और गोली चलने की घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी और लगभग तीन दर्जन घायल हो गए।
उप पुलिस महानिरीक्षक जगत सिंह ने आज बताया कि सिलवानी क्षेत्र के चंदपुराखमरिया गांव में कल रात किसी मामूली बात को लेकर दो युवकों में विवाद के बाद दोनों पक्षों के व्यक्ति आमने सामने आ गए। देखते ही देखते देर रात स्थिति ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से हथियार आदि भी चल पड़े। इस दौरान आगजनी और गाेलियां चलने की घटनाएं भी हुयीं।
डीआईजी श्री सिंह ने बताया कि इस घटना में राजू आदिवासी नामक एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी है, जबकि लगभग तीन दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को सिलवानी और उदयपुरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक के शव को भोपाल में पोस्टमार्टम कराने के बाद वापस गांव लाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 13 लोगों को पूछताछ के लिये पुलिस हिरासत में लिया गया है।
उधर, प्रशासन ने इस घटना के आरोपी के मकान को जेसीबी की मदद से ढहा दिया है। विवाद के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थिति अब नियंत्रण में है। प्रशासन ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।