मुंबई , 20 मार्च। वैश्विक बाजार के सकारात्मक संकेत और स्थानीय स्तर पर हुई जबरदस्त लिवाली की बदौलत बीते सप्ताह शेयर बाजार ने 2314 अंक की छलांग लगाई। बीते सप्ताह बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2313.63 अंक उछाल लेकर 57 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 57863.93 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 655.6 अंक चढ़कर सप्ताहांत पर 17 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर 17286.05 अंक पर पहुंच गया।
समीक्षाधीन सप्ताह में बीएसई की छोटी और मझौली कंपनियों के प्रति भी निवेशकों की निवेश धारणा मजबूत रही। सप्ताहांत पर मिडकैप 514.66 अंक की तेजी के साथ 23824.61 अंक और स्मॉलकैप 565.02 अंक मजबूत होकर 27706.32 अंक पर रहा।
विश्लेषकों के अनुसार, नीचे भाव पर हुई लिवाली से बीते सप्ताह शेयर बाजार गुलजार रहा और अगले सप्ताह भी बाजार में तेजी का रुख रह सकता है। हालांकि बाजार की दिशा निर्धारित करने में वैश्विक कारकों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
बीते सप्ताह शुक्रवार को होली पर अवकाश के कारण शेयर बाजार में चार दिन कारोबार हुआ, जिसमें मंगलवार को गिरावट रही। वैश्विक स्तर के मिश्रित संकेतों के साथ ही घरेलू स्तर पर बैंकिंग, वित्त, आईटी और टेक समूह की कंपनियों में हुयी लिवाली के बल पर शेयर बाजार में सोमवार को तेजी बनी रही। सेंसेक्स 935.72 अंकों की तेजी के साथ 56 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुये 56486.02 अंक पर और निफ्टी 240.85 अंकों की बढ़त के साथ 16871.85 अंक पर पहुंच गया।
वहीं, वैश्विक स्तर पर हुयी तीव्र गिरावट के साथ ही घरेलू स्तर पर धातु, तेल एवं गैस, आईटी, टेक , पावर और एनर्जी जैसे समूहोंं में हुयी बिकवाली के कारण शेयर बाजार की तेजी पर मंगलवार को ब्रेक लग गया। सेंसेक्स 709.17 अंक टूटकर 55776.85 अंक पर और निफ्टी 208.30 अंक उतरकर 16663 अंक पर रहा। वैश्विक स्तर से मिले सकारात्मक संकेतों के साथ ही घरेलू स्तर पर हुयी चौतरफा लिवाली के बल पर बुधवार को शेयर बाजार में तूफानी तेजी दर्ज की गयी। सेंसेक्स 1039.80 अंकों की बढ़त के साथ 56816.65 अंक पर और निफ्टी 312.35 अंक उछलकर 16975.35 अंक पर रहा।
होली के अवसर पर दो सत्रों में हुयी जबरदस्त लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार गुलाबी हो गया और इस दौरान निवेशकाें ने 8.71 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमायी की। सेंसेक्स 1047.28 अंकों की बढ़त के साथ 57 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुये 57863.93 अंक पर और निफ्टी भी 311.70 अंकों की तेजी के साथ 17286.05 अंक पर पहुंच गया।