इंदौर, 24 मार्च। एक ठेकेदार ने अपनी पत्नी की चार्जर केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर खुद फंदे पर झूल गया। मामला इंदौर के द्वारकापुरी इलाके का है। पति रंजीत पिचोरवाल को पत्नी के चरित्र पर शंका थी इस वजह से दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रंगपंचमी के दिन बच्चों के घर से बाहर निकलते ही ठेकेदार ने अपनी पत्नी की चार्जर केबल से गला घोंटकर हत्या कर की फिर खुद फंदे पर झूल गया।
बच्चे जब होली खेलकर घर आए तो उन्होंने पिता को फंदे पर झूलते देखा। वहीं मां का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। बच्चों ने मां को आवाज दी। जब वह नहीं उठी तो परिवार के अन्य लोगों को बुलाया। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को डायरी में एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला, जिसे पेंसिल से लिखा गया है। इसमें पति ने पत्नी के चरित्र पर उंगली उठाते हुए लिखा, मैं पत्नी के चरित्र से लंबे समय से परेशान हूं। पुलिस ने नोट को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। ठेकेदार का ये रजिस्टर मजदूरों की हाजिरी लगाने के लिए घर में रखा हुआ था। इसी के एक खाली पन्ने पर उसने सुसाइड नोट लिखा।
रंजीत पिचोरवाल अपने दो भाइयों और माता-पिता के साथ रहता था। रंजीत कंस्ट्रक्शन का काम करता था। जबकि दोनों भाई फेब्रीकेशन ओर फर्नीचर का काम करते हैं। परिजनों ने बताया कि रंजीत के दो बच्चे हैं। बेटा सौरभ (14) और बेटी निधि (10) है। दोनों रंगपंचमी पर बाहर दोस्तों के साथ खेलने गए थे। करीब चार बजे जब वे घर लौटे तो पिता को पंखे से लटके व मां को बिस्तर पर पड़े हुए देखा। मां को उठाया, लेकिन वो नहीं उठी। बच्चों ने चाचा और दादा को आवाज लगाकर जानकारी दी। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले गए।