जशपुर, 24 मार्च। छत्तीसगढ़ के जशपुर से मानव तस्करी का एक मामला सामने आया है। थाना तपकरा क्षेत्र की 4 लड़कियों (3 नाबालिग 1 युवती) को काम के बदले ज्यादा पैसा मिलेगा कहकर बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जा रही आरोपिया महिला नीलम कुजूर को पुलिस टीम ने 6 घंटे के भीतर बस स्टैंड रायगढ़ से गिरफ्तार किया है।
आरोपिया के कब्जे से अपहृत लड़कियों की सकुशल बरामदगी उपरांत परिजनों को सौंपा गया है। तपकरा में आरोपिया महिला के विरूद्ध पुलिस ने अप.क्र. 44/2022 धारा 363, 370(4), 374 भा.द.वि. के तहत् अपराध पंजीबद्ध किया है। उक्त लड़कियों ने नौकरी/कार्य करने हेतु दिल्ली जाने की सूचना अपने पंचायत में नहीं दी थी और न ही पलायन रजिस्टर में नाम दर्ज कराया था।
बतादें कि थाना तपकरा क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग लड़की सहित अन्य 03 लड़कियों को एक महिला नीलम कुजूर द्वारा दिल्ली में काम करने से ज्यादा पैसा मिलने का लालच देकर बस में बैठाकर दिल्ली ले जा रही है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने महिला के विरूद्ध धारा 363, 370(4), 374 भा.द.वि. के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया !
थाना प्रभारी तपकरा द्वारा तत्परतापूर्वक कार्यवाही करते हुये मुखबीर की सूचना पर अपहृताओं एवं आरोपिया की पतासाजी करते हुये दबिश देकर रायगढ़ बस स्टैंड से आरोपिया नीलम कुजूर के कब्जे से उक्त नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर वापस थाना लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि उनसे नीलम कुजूर विगत 04-05 दिन पूर्व से ही दिल्ली में काम करने से ज्यादा पैसा मिलेगा कहकर लालच दे रही थी। इस लालच के झांसे में वे सभी आ गये और दिनांक 22.03.2022 के शाम को आरोपिया ने उन सबको बस में बैठाकर उन्हें दिल्ली ले जा रही थी। पुलिस द्वारा आरोपिया के कब्जे से बस का टिकिट को जप्त किया गया है। आरोपिया के द्वारा उक्त अपराध को घटित करना पाये जाने पर आरोपिया नीलम कुजूर उम्र 36 साल को 23 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
प्रकरण की विवेचना, अपहृताओं की बरामदगी एवं आरोपिया को गिरफ्तार करने में उ.नि. एल.आर. चौहान, प्र.आर. 255 राजेश कुजूर, आर. 568 राजेन्द्र रात्रे, आर. 587 संतु यादव, म.आर. 25 सुनीता केसरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।