दंतेवाड़ा, 25 मार्च। छत्तीसगढ़ जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र के ग्राम हिरोली मंडई स्थल में नक्सलियों ने सरपंच की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जिले के ग्राम हिरोली में मंगलवार को सालाना मेला मंडई का आयोजन था, जिसमें दूरदराज से ग्रामीणों देवी देवताओं की डोली एवं छत्र लेकर पहुंचे थे। यहाँ गुरुवार शाम को देवी देवताओं की विदाई के मौके पर भोज का आयोजन किया गया था। सरपंच जोगा कुंजाम भी अन्य ग्रामीणों के साथ भोजन कर रहा था। तभी ग्रामीण वेशभूषा में पहुंचे छह नक्सलियों ने मुखबिरी करने के शक में उसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के नक्सली मौके से फरार हो गए। इस इलाके में नक्सलियों ने लंबे अरसे के बाद किसी घटना को अंजाम दिया है।

हिरोली गांव का सरपंच जोगा कुंजाम की शाम करीब 6 बजे नक्सलियों ने हत्या की। गांव वालों से नक्सलियों ने ये भी कहा कि कुजाम पुलिस के लिए मुखबिरी करता है। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली भीड़ का सहारा लेकर भाग गए। सरपंच की हत्या के बाद मेला स्थल में भगदड़ भी मच गई । SDOP करण कुमार उइके ने कहा कि हत्या की जानकारी मिली है। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि इसके पीछे नक्सलियों का ही हाथ है या नहीं।