मुंबई, 26 मार्च। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और सीमित ओवरों के उपकप्तान ऋषभ पंत की टीमों क्रमशः मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रविवार को होने वाले टाटा आईपीएल मुकाबले में दिलचस्प भिड़ंत होगी।
2021 में गत चैंपियन के तौर पर उतरी मुंबई इंडियंस एक स्थान से प्लेऑफ़ में जगह बनाने से रह गई थी, जहां वह पांचवें स्थान पर रही थी। टीम ने टूर्नामेंट में बहुत अंत में जाकर वापसी का प्रयास किया लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी। दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स ने लीग दौर में 14 मैचों में 10 में जीत दर्ज की थी, लेकिन वह दोनों क्वालीफ़ायर्स नहीं जीत पाए थे और फ़ाइनल में जगह बनाने से चूक गए थे।
हाल ही में नीलामी में ख़रीदे गए खिलाड़ियों में से केवल जोफ़्रा आर्चर ही इस सीज़न में नहीं खेल पाएंगे। वहीं चोटिल सूर्यकुमार यादव के दिल्ली कैपिटल्स के ख़िलाफ़ पहले मुक़ाबले में खेलने की उम्मीद कम है। क्विंटन डिकॉक और पांड्या भाईयों के जाने से मुंबई की बल्लेबाज़ी में कमज़ोरी आई थी, लेकिन उन्होंने नीलामी में इस कमी को अच्छे से पूरा कर लिया। उनके शुरुआती तीन क्रम के बल्लेबाज़ रोहित शर्मा, इशान किशन और सूर्यकुमार यादव मज़बूत हैं, जबकि किशन तीसरे या चौथे नंबर पर भी उतारा जा सकता है, जहां अनमोलप्रीत से ओपनिंग कराई जा सकती है। उन्होंने पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ एक बार जरूर ओपनिंग की थी।
इसी तरह नंबर पांच और नंबर छह पर फ़ीनिशर के रोल में उनके पास कीरोन पोलार्ड और टिम डेविड जैसे नाम हैं, इसके अलावा वह डेनियल सैम्स या फ़ेबियन ऐलेन में से किसी एक हरफ़नमौला को भी खिला सकते हैं। वहीं विदेशी खिलाड़ियों के विकल्पों में उनके पास “बेबी एबी” डेवाल्ड ब्रेविस भी हैं, जो हाल ही में समाप्त हुए अंडर 19 विश्व कप में प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट रहे थे, जहां पर उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए 84.33 के औसत और 90.19 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
उनके लिए एक ही सवाल यह है कि अगर सूर्यकुमार नंबर तीन पर बल्लेबाज़ी करेंगे तो नंबर चार पर कौन बल्लेबाज़ी करेगा। उनके पास युवा बल्लेबाज़ तिलक वर्मा का भी विकल्प है, जिन्होंने हैदराबाद के लिए घरेलू क्रिकेट में अच्छा किया है या वह अनमोलप्रीत के साथ भी जा सकते हैं। अगर कोई पहली पसंद का बल्लेबाज़ चोटिल या फ़ॉर्म से बाहर रहता है तो मुंबई के पास भारतीय बल्लेबाज़ों का भी कम विकल्प है।जसप्रीत बुमराह मुंबई के तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण का नेतृत्व करना जारी रखेंगे, लेकिन अब उनके साथ टाइमल मिल्स होंगे, जिससे अब मुंबई के पास अच्छा डेथ बॉलिंग आक्रमण है। लेकिन डेथ ओवरों से पहल पावरप्ले आता है और अब मुंबई की टीम में ट्रेंट बोल्ट नहीं हैं जो पहले छह ओवरों में टोन सेट करते थे। ऐसे में मुंबई को सोचना होगा कि वह पावरप्ले में किससे गेंदबाज़ी कराए। बुमराह आम तौर पर पावरप्ले में केवल एक ही ओवर करते हैं, ऐसे में मुंबई जयदेव उनादकट और सैम्स के साथ जा सकत है जिनका 2019 आईपीएल से 7.22 और 7.10 का बेहतरीन इकॉनमी रहा है।
मध्य ओवरों के लिए मुंबई इस बार भी अच्छे स्पिनर की कमी महसूस करेगी। मुरुगन अश्विन और मयंक मारकंडे उनके पास दो ही भारतीय स्पिनर हैं, वहीं ऐलेन एक हरफ़नमौला की तरह से टीम में हैं। मुंबई एक बड़े स्पिनर की कमी जरूर महसूस करेगी, क्योंकि टूर्नामेंट के दूसरे हाफ़ में गेंद ज़्यादा टर्न होना शुरू हो जाएगी, ऐसा इसीलिए क्योंकि इस बार यह टूनामेंट चार ही मैदानों पर खेला जाना है।
काग़ज़ पर तो कैपिटल्स की अच्छी अंतिम एकादश दिखती है, लेकिन खिलाड़ियों की उपलब्धता उनका सिर का दर्द बढ़ा सकती है। डेविड वॉर्नर पहले दो मैचों में अनुपलब्ध रहेंगे, जबकि मिचेल मार्श पहले तीन मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। लुंगी एनगिडी और मुस्तफ़िज़ुर रहमान साउथ अफ़्रीका और बांग्लादेश के बीच चल रही वनडे सीरीज़ का हिस्सा हैं और वह पहले मैच नहीं खेल पाएंगे।
कैपिटल्स के लिए सबसे बड़ी चिंता एनरिक नोर्त्जे की फ़िटनेस है। उनके इस सीज़न में खेलने की बहुत कम संभावना थी, लेकिन वह रविवार को कैपिटल्स के साथ जुड़ गए हैं। यह समझा जाता है कि नोर्त्जे पहले कुछ मैचों में बाहर रहेंगे, लेकिन फ़्रेंचाइज़ी के लिए समायोजन बैठाना भी एक अलग सिर दर्द होगा।
एक बार जब वॉर्नर और मार्श उपलब्ध होंगे तो कैपिटल्स के पास मज़बूत शीर्ष चार बल्लेबाज़ होंगे, जिसमें पृथ्वी शॉ और ऋषभ पंत तीसरे और चौथे नंबर के बल्लेबाज़ होंगे, लेकिन तब तक उन्हें बैकअप पर निर्भर रहना होगा। वॉर्नर की जगह सीधे तौर पर टिम साइफ़र्ट लेंगे, जबकि मार्श की जगह कोई भारतीय बल्लेबाज़ लेगा। दिक़्क़त यह है कि उनके पास अधिक अच्छे विकल्प नहीं हैं। एक विकल्प है कि वह अपने बल्लेबाज़ी क्रम में बदलाव करें और ललित यादव को खिलाएं जो ऑफ़ स्पिन भी कर सकते हैं। इसके अलावा वह मंदीप सिंह, केएस भरत या यश ढुल में से से किसी एक को खिलाएं।
लेकिन सभी की उपलब्धता के बावजूद पंत के अलावा नीचे आक्रमण करने वाले खिलाड़ियों की कमी है, ऐसे में यह निर्भर करता है कि रोवमन पॉवेल कैसे फ़ीनिशर का रोल निभाते हैं।
नोर्त्जे कैपिटल्स के लिए पिछले सीज़न में ज़बरदस्त गेंदबाज़ रहे थे और उन्हें 2022 नीलामी में रिटेन किया गया था, लेकिन हो सकता है कि वह शुरुआत से उपलब्ध ना हों।मुस्तफ़िजुर और एनगिडी भी पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे। मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ होने वाले उनके पहले मुक़ाबले में सात विदेशी खिलाड़ियों में से केवल दो ही उपलब्ध रहेंगे।
अगर नोर्त्जे टूर्नामेंट के बड़े हिस्से में नहीं खेलते हैं तो एनगिडी या मुस्तफ़िजुर उनकी जगह लेंगे। एनगिडी के पास अतिरिक्त गति है जबकि मुस्तफ़िजुर डेथ ओवर में अच्छी गेंदबाज़ी करते हैं।
शार्दुल ठाकुर निचले बल्लेबाज़ी क्रम में हिटिंग कर सकते हैं, जिससे वह भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों में खेलने के लिए सबसे आगे हैं, जिससे चेतन सकारिया और ख़लील अहमद में तीसरे तेज़ गेंदबाज़ के लिए प्रतिस्पर्धा होगी। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव स्पिन आक्रमण की कमान संभालेंगे।
संभावित एकादश:
मुम्बई :1 इशान किशन (विकेटकीपर), 2 रोहित शर्मा (कप्तान), 3 सूर्यकुमार यादव, 4 तिलक वर्मा, 5 कीरोन पोलार्ड, 6 टिम डेविड, 7 डेनियल सैम्स/फ़ेबियन ऐलेन, 8 टाइमल मिल्स, 9 जयदेव उनादकट, 10 मुरुगन अश्विन, 11 जसप्रीत बुमराह
दिल्ली :1 डेविड वॉर्नर, 2 पृथ्वी शॉ, 3 मिचेल मार्श, 4 ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), 5 सरफ़राज़ ख़ान, 6 रोवमन पॉवेल, 7 शार्दुल ठाकुर, 8 अक्षर पटेल, 9 एनरिक नोर्त्जे , 10 कुलदीप यादव, 11 चेतन सकारिया