
पथरिया -जिले के विकासखण्ड पथरिया के धान खरीदी केन्द्र हथनीकला में धान खरीदी कार्य में अनियमितता बरतने वाले धान खरीदी केन्द्र प्रभारी अजय सिंह , तात्कालिक केन्द्र प्रभारी जयप्रकाश साहू ,
प्रभारी संस्था प्रबंधक किशुन श्रीवास एवं कम्प्यूटर आपेरटर विजय सिंह के विरूद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है । खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान एवं शेष बचे बारदानों के भौतिक सत्यापन एवं जांच किया गया । जिसमें 1298.40 क्विंटल धान एवं 20570 नग बारदाने की कमी पाई गई ।
जिसके फलस्वरूप संबंधितों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई है । कलेक्टर अजीत वसंत ने धान उपार्जन केन्द्र हथनीकला में अनियमितता संबंधी प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लिया , और पथरिया अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को जांच के निर्देश दिए ।
जिसके परिपालन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने राजस्व , सहकारिता , खाद्य , जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अधिकारियों की दल गठित कर जांच कराई गई । जांच एवं भौतिक सत्यापन में 1298.40 क्विंटल धान एवं 20570 नग बारदानों की कमी पाई गई । जो आर्थिक अनियमितता की श्रेणी में आता है ।