
नई दिल्ली । पीएम नरेंद्र मोदी आज फिर एक इतिहास रचने वाले हैं। आज गुरु तेग बहादुर की 400 वीं जयंती पर सूर्यास्त के बाद लाल किले से भाषण देने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बन जाएंगे। बताया जाता है कि पीएम लाल किले की प्राचीर से नहीं, बल्कि लॉन से राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी गुरुवार की रात साढ़े 9 बजे भाषण देंगे। स्वतंत्रता दिवस के बाद ऐसा दूसरी बार होगा जब पीएम इस ऐतिहासिक स्मारक से भाषण देंगे।
संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, इसी किले से मुगल शासक औरंगजेब ने 1675 में सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर का सिर काटने का आदेश दिया था। यही कारण है कि लाल किले को गुरु तेग बहादुर की 400 वीं जयंती के आयोजन स्थल के रूप में चुना गया है। लाल किले की प्राचीर वह जगह है जहां से प्रधानमंत्री स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हैं।