
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं उनकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इससे पहले तेलंगाना के निजामाबाद जिले में भी एक इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी में विस्फोट होने से 80 साल के व्यक्ति की जान चली गई थी।
देश में इलेक्ट्रिक वाहन के जल जाने और बैटरी में विस्फोट होने के कई मामले देखे जा रहे हैं। ताजा मामला आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा का है। जहां एक 40 साल के व्यक्ति की इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी में विस्फोट होने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पीड़ित शिव कुमार ने शुक्रवार को ही स्कूटर खरीदा था।
बताया जा रहा है कि यह विस्फोट शिव कुमार के घर में तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ जब बूम कॉर्बेट 14 स्कूटर की बैटरी चार्ज हो रही थी। विजयवाड़ा के सूर्यरावपेट पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर एनवी सूर्यनारायण ने एक्सप्रेस को बताया कि कुमार ने सोने से पहले रात 10 बजे के आसपास बैटरी को चार्ज पर लगा दिया था।
वहीं कुमार की पत्नि की बहन ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने धारा 174 के तहत संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज किया है। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं की जांच के लिए भारत सरकार ने एक कमेटी का गठन किया है
और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इलेक्ट्रिक दो-पहिया निर्माताओं को चेतावनी दी है कि अगर स्कूटर की सेफ्टी में कोई भी समझौता देखा गया तो कंपनी पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।