भोपाल: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शुक्रवार को बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं वहीं दूसरी तरफ सप्लीमेंट्री परीक्षा की तिथि भी जारी कर दी है। इस बार 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 20 जून को जबकि 21 जून से 30 जून तक 10वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा आयोजित की जाएगी।मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने 10वीं और 12वीं के रिजल्ट को लेकर कहा है कि इस बार का परीक्षा परिणाम विषम परिस्थितियों का औसत रहा है। हाई स्कूल से अधिक हायर सेकेंडरी का परिणाम अच्छा रहा। एक बार फिर से छात्राओं ने छात्रों को पीछे छोड़ा है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बड़े शहरों की अपेक्षा छोटे शहरों के छात्र छात्राओं ने कमाल कर दिखाया है, औसत रिजल्ट को लेकर समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि असफल हुए स्टूडेंट्स को दोबारा मौका मिलेगा। बता दें कि मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल आज एमपी की दोंनो बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए हैं। दोपहर 1 बजे स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने ‘वन क्लिक’ से छात्रों का रिजल्ट जारी किया। बोर्ड द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार रिजल्ट चेक करने का लिंक ऑफिशियल वेबसाइट mpbse.nic.in, mpresults.nic.in और mpbse.mponline.gov.in है।