कर्नाटक: राजधानी बेंगलुरु में किसान नेता राकेश टिकैत के ऊपर स्याही फेंकी गई है। प्रेस वार्ता के दौरान धक्कामुक्की के बाद घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद राकेश टिकैत के समर्थकों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई भी कर दी। वहीं इस घटना के बाद कार्यक्रम में एक दूसरे के ऊपर कुर्सियां फेंकी गईं। तजा मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना के बाद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कहा जा रहा है कि ये स्याही स्थानीय किसान नेता के चंद्रशेखर के समर्थकों ने फेंकी है। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि जब प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने टिकैत से पूछा कि किसान नेता चंद्रशेखर को लेकर आपका क्या कहना है। इसपर जवाब देते हुए टिकैत ने कहा कि हमारा उससे कोई लेना-देना नहीं है। बस इतना सुनते ही चंद्रशेखर के समर्थक भड़क गए और टिकैत पर स्याही फेंक दी। राकेश टिकैत ने कहा कि स्थानीय पुलिस की ओर से यहां कोई सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है। यह सरकार की मिलीभगत से किया गया है।