
झारखंड के खूँटी जिले में SDM (अनुमंडल पदाधिकारी) सैयद रियाज अहमद पर यौन शोषण के आरोप लगे हैं। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
हिमाचल प्रदेश की एक IIT (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) की छात्रा के द्वारा ये आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक पार्टी के दौरान SDM ने उनसे छेड़छाड़ की। पीड़िता ने थाने में भी FIR दर्ज कराई है। जिला पुलिस ने पूछताछ के लिए अधिकारी को हिरासत में ले लिया है।
IIT मंडी में ग्रामीण विकास पढ़ रहीं उक्त छात्रा इंटर्नशिप करने के लिए खूँटी आई थी। जिस पार्टी को लेकर ये आरोप लगाए गए हैं, वो शुक्रवार (1 जुलाई, 2022) को आयोजित की गई थी। आरोप है कि उस पार्टी में छेड़खानी करते हुए SDM सैयद रियाज अहमद ने छात्रा को किस करने का प्रयास किया। साथ ही वो गलत नज़र से भी महिला को घूर रहे थे। 4 जुलाई की देर शाम इस मामले की FIR दर्ज कराई गई। सैयद रियाज अहमद 2018 बैच के IAS अधिकारी हैं।
अकादमिक टूर पर झारखंड आई पीड़िता का आरोप है कि उसे शराब भी पिलाया गया। यौन शोषण के आरोपों के बाद खूँटी स्थित CJM की अदालत में हिमाचल प्रदेश की छात्रा का बयान दर्ज कराया गया। सैयद रियाज अहमद शादीशुदा हैं और उनकी पत्नी धनबाद की रहने वाली हैं। उनकी पत्नी भी नागरिक सेवा में हैं और वर्तमान में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बतौर SDM कार्यरत हैं। खूँटी के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने इस घटना की पुष्टि की है।