टीम इंडिया ने तीसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को 119 रन से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। भारतीय टीम 39 साल से वेस्टइंडीज में वनडे सीरीज खेल रही है और उसे पहली बार कैरेबियाई टीम को उसके घर में क्लीन स्वीप करने में सफलता मिली है।
वेस्टइंडीज को डकवर्थ लेविस नियम के तहत 35 ओवर में 257 रन का टारगेट मिला, लेकिन कैरेबियाई टीम 26 ओवर में 137 रन के स्कोर पर सिमट गई। ब्रैंडन किंग और निकोलस पूरन ने 42-42 रन बनाए। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और शार्दूल ठाकुर को 2-2 विकेट मिले। अक्षर पटेल और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली।