सीतामढ़ी। जिले के दलसिंह सराय थाना में हिरासत में लिये गये एक युवक ने खिड़की के सहारे गले में रस्सी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना के हकीमाबाद खराज निवासी मो. अशफाक के पुत्र मो. गुलाब के रूप में हुई है। घटना गुरुवार की देर रात की है. लापरवाह पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है। जानकारी के अनुसार, पत्नी के साथ हुए विवाद में ससुराल वालों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने मो. गुलाब को हिरासत में लेकर थाने पहुंची थी । रात में उसे थाना हाजत की जगह वितन्तु संवाद कक्ष में बिना कोई निगरानी के रख दिया गया जहां देर रात उसने खिड़की के सहारे गले में रस्सी का फंदा डालकर जान दे दी ।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष आनन-फानन में युवक को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।। मृतक मो. गुलाब की शादी चार साल पहले दलसिंहसराय के नवादा वार्ड संख्या तीन निवासी मो. गुड्डू की बहन से हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी के साथ उसका विवाद होते रहता था। मामला न्यायालय में भी चल रहा है। मो. गुलाब गुरुवार को अपने ससुराल पहुंचा था। पत्नी और ससुराल वालों के साथ नोकझोंक के दौरान मारपीट हुई थी। इसके बाद ससुराल वालों ने 112 नंबर पर इसकी शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मो. गुलाब को हिरासत में लेकर थाना आई थी। एसपी हृदय कांत ने बताया कि सीसीटीवी देखने के बाद यह सामने आया है कि गुलाब ने रस्सी की मदद से खिड़की में फंदा लगाया और लटक गया ।उसे अस्पताल लेकर पुलिस गई लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया । प्रथम दृष्टया लापरवाही नजर आ रही है।