मुरैना : मध्य प्रदेश के मुरैना से बीमार स्वास्थ्य व्यवस्था का एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है. यहां पोरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टरों और ड्रेसरों की बड़ी लापरवाही सामने आई है. दरअसल यहां एक महिला के सिर पर ईंट गिरने से वो बुरी तरह से घायल हो गई थी. उसके सिर से खून बह रहा था. जिसके बाद घायल महिला को पोरसा के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया. लेकिन यहां ऐसी लापरवाही देखने को मिली जिसका आप अंदाजा भी नहीं लगा सकते. घायल बुजुर्ग महिला के सिर पर रुई की जगह कंडोम का पैकेट चिपकाकर पट्टी लपेटकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.
जिला अस्पताल में जब घाव साफ करने और टांके लगाने के लिए महिला के सिर पर लगी पट्टी को खोला गया तो डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी दंग रह गए. क्योंकि महिला के सिर पर रुई की जगह कंडोम का पैकेट चिपका मिला. इस घटना को पहले हल्के स्तर पर लिया गया, लेकिन वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और जांच के आदेश दिए.