रायपुर: रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा में गुरुवार को भाजपा पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने काली पट्टी लगाकर सभापति के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के घुसने और फोटो वीडियो बनाने पर माहौल और गरमा गया।
भाजपा पार्षद मृत्युंजय दुबे ने सामान्य सभा के दौरान पुलिसकर्मी के अंदर घुसने पर सवाल खड़े किए। सभापति प्रमोद दुबे ने इस घटना पर आयुक्त को फटकार लगाई। प्रमोद दुबे ने कहा कि ये ए ग्रेड का नगर निगम है, कोई धर्मशाला नहीं। इसके बाद माहौल गरमाता देख पुलिसकर्मी को सदन से बाहर किया गया।
प्रश्नकाल के दौरान निगम में जमा फंड को लेकर पूरी जानकारी नहीं दे पाने पर विपक्ष के सवालों से एमआईसी सदस्य घिर गए। अधूरी जानकारी पर नगर निगम आयुक्त भी लपेटे में आ गए। भाजपा पार्षदों ने विकास कार्य के लिए फंड नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वार्ड में सही काम नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस पार्षद अनवर हुसैन ने सामान्य सभा में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। इस मुद्दे पर सभापति और कांग्रेस पार्षद के बीच जबरदस्त बहस हुई।
रायपुर नगर की सामान्य सभा के एजेंडे में 13 विषय शामिल हैं। इनमें चौक और सड़कों के नामकरण के साथ सरोना डंपिंग यार्ड के कचरे का निस्तारण, सड़क चौड़ीकरण और गोल बाजार के 172 दुकानों को लेकर चर्चा शामिल है।