बिहार (Bihar) के सीतामढ़ी जिले में एक महिला की हत्या का आरोप उसके पति और ससुराल वालों पर लगा था. ससुराल वाले और पति जब अपनी बेगुनाही के सबूत नहीं दे पाए तो महिला के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. इसके बाद बाकी के ससुराल वाले डर की वजह से फरार हो गए. अब वो महिला अपने मायके में ही जिंदा , सुरक्षित और एकदम सही सलामत मिल गई है.
‘दहेज हत्या का झूठा मामला’
आपको बताते चलें कि नेपाल के निवासी विनोद ने पुलिस में शिकायत लिखाई थी कि उनकी बेटी हीरा देवी को ससुराल वालों ने जलाकर मार दिया है. उन्होंने ये भी बताया था कि महिला के शव को जला दिया गया है. इस मामले के आरोपी पति की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस ने केस बंद नहीं किया था. इस बीच पुलिस ने शशि की पत्नी हीरा देवी को उसके मायके से बरामद कर सबको चौंका देने वाला काम किया है. पुलिस की छानबीन में शशि कुमार की पत्नी हीरा देवी अपने मायके में सुरक्षित मिल गई. पुलिस ने उसे स्थानीय न्यायालय में पेश किया. जहां उसका इकबालिया बयान दर्ज हुआ.
6 महीने से जेल में बंद है पति
इस मामले को लेकर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा, आरोपी पति शशि अपनी पत्नी हीरा देवी की हत्या मामले में जेल में बंद है. करीब सात महीने पहले नेपाल के महोत्तरी जिला के मटिहानी थाना क्षेत्र के निवासी विनोद नायक की शिकायत पर मुकदमा लिखा था. तब ये कहा गया था कि महिला के शव को जला दिया गया है. महिला के पिता ने अपने दामाद शशि कुमार, उसके भाई संजय महतो और सास सुमित्रा देवी पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया था. अब इस मामले में आरोपी की पत्नी के सकुशल होने के बाद उसके पति की रिहाई का रास्ता साफ हुई है. वहीं पति के खिलाफ झूठा केस लिखवाने के आरोप में नेपाल निवासी परिवार के खिलाफ केस दर्ज हो सकता है.