चंडीगढ़
पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध मुहिम के दौरान मंगलवार को जी.एस.टी. घोटाले संबंधी टैक्स नाकों से गाडिय़ां ले जाने और टैक्स चोरी करने वाले 6 आरोपी एजैंटों/ बिचौलियों को गिरफ्तार किया है। विजीलैंस का कहना है कि ये व्यक्ति राज्य के कर अधिकारियों को रिश्वत देकर सरकारी खजाने को चूना लगा रहे थे।
विजीलैंस के मुताबिक ये आरोपी सांठगांठ करके व्यापारियों का टैक्स बचाने में लगे हुए थे जिसके लिए ये कच्चे माल पर कम जुर्माना लगवाकर या फिर तैयार माल को कच्चा माल बताकर गाडिय़ां निकवालते थे।
इससे जी.एस.टी. की चोरी का खेल चल रहा था। विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता के मुताबिक मामले की जांच के दौरान विजीलैंस ब्यूरो पंजाब की आॢथक अपराध शाखा ने मंगलवार को बलविन्द्र सिंह उर्फ बाबूराम, सचिन कुमार लूथरा, पवन कुमार उर्फ काला, अजय कुमार, रणधीर सिंह और अवतार सिंह नामक 6 एजैंटों को गिरफ्तार किया है।
प्रवक्ता ने कहा कि ये आरोपी जी.एस.टी. अधिकारियों की मिलीभगत से जी.एस.टी. की अपेक्षित रकम का भुगतान किए बिना अलग-अलग राज्यों में लोहे के स्क्रैप/तैयार सामान वाहनों में ले जाने वाले गिरोह में शामिल थे। इस घोटाले के तरीकों के बारे में उन्होंने बताया कि राज्य के टैक्स अधिकारियों की मदद के बदले ये एजैंट उनको भारी रिश्वत दे रहे थे। मामले की जांच के दौरान एजैंटों के अन्य ग्रुपों और संबंधित जी.एस.टी. अधिकारियों की भूमिका की गहराई से जांच की ।