गरियाबंद: जिले से महज 8 किलोमीटर दूर ओडिशा के नबरंगपुर जिले में एक यूट्यूबर की गोली मार दी गई। दो दिन पहले हुई इस वारदात की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। युवक हिंदू मरकाम (33 वर्ष) ने नक्सलियों के खिलाफ 19 वीडियो अपलोड किए थे। वीडियों में उसने साफ कहा था कि उसे मौत का डर नहीं हैं। इस घटना के पीछे नक्सलियों का हाथ ही बताया जा रहा है। घटना में युवक बुरी तरह से घायल है।
हिंदू मरकाम गरियाबंद के शोभा थाना क्षेत्र के भुतबेड़ा गांव में पिछले 10 सालों से अपने मामा के घर रह रहा था। हालांकि एक-दो महीने पहले वो अपने गृह ग्राम नबरंगपुर जिले के कुमली गांव चला गया था। 15 सितंबर को वो कुमली से भुतबेड़ा गांव आने के लिए निकला था। लेकिन दोपहर 12 बजे के आसपास सुनसान इलाके में उसका रास्ता रोककर कुछ लोगों ने नजदीक से उसकी कनपटी पर गोली मार दी।
लोग उसे मृत समझकर उसका वीडियो बना रहे थे, लेकिन उसके करवट बदलने पर पता चला कि वो जिंदा है। तुरंत रायघर पुलिस को खबर की गई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। कुछ समय बाद ये खबर भी आई थी कि उसकी मौत हो गई। मगर ओडिशा पुलिस ने कहा कि युवक का इलाज अभी जारी है। उसे बरमपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
युवक चारपहिया वाहनों को किराए पर देता था, साथ ही वीडियो शूटिंग का काम भी करता था। अपने बेबाक बयानों के लिए वो जाना जाता था। उसने 2020 में भुतबेड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उसमें उसे हार मिली थी।
2 महीने पहले युवक का घर जला दिया गया था, जिसके बाद उसने साहस दिखाते हुए नक्सलियों के खिलाफ लगातार 19 वीडियो अपलोड किए थे। वो अपने वीडियो में नक्सलियों को गलत बताता था, उनके करतूतों की पोल खोलता था। युवक हिंदू मरकाम ने कुछ ग्राम पंचायत के सरपंचों को नक्सलियों से मिला हुआ बताया था। वीडियो में उसने नक्सली को जान से मारने के लिए ढूंढने की बात भी बताई थी। वो यह भी कहता था कि उसे अपनी मौत का डर नहीं है, बल्कि वो खुद नक्सलियों के ठिकाने ढूंढ़ रहा है, ताकि इनका पता पुलिस को दे सके।
हिंदू मरकाम ने यू-ट्यूब पर H3MV के नाम से पेज खोल रखा था। जहां वो अपने वीडियो अपलोड करता था। अंतिम वीडियो उसने एक हफ्ते पहले अपलोड किया था। जिसमें उसने कहा था कि नक्सलियों को बिल्कुल सहयोग ना करें। नक्सलियों को सहयोग करने से कुछ नहीं होगा। ये लोग सिर्फ आपको खोखला करने का काम करेंगे। ये आपके गांव में विकास रोक देंगे।