नई दिल्ली। उत्तर भारत में मानसून के चलते कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिन तक 18 राज्यों भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर को बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन सकता है, जिसके कारण उत्तर भारत के राज्यों में हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 21 सितंबर तक ओडिशा और छत्तीसगढ़ में गरज चमक के साथ कई जगहों पर छिटपुट बारिश व कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं झारखंड में 20 सितंबर, गंगीय पश्चिम बंगाल में 19 सितंबर, विदर्भ में 21-22 सितंबर तथा पूर्वी मध्य प्रदेश में 20-23 सितंबर तक भारी बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही पश्चिम मध्य प्रदेश में 22 और 23 सितंबर, गुजरात , मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी कोंकण में 19 सितंबर को बारिश हो सकती है।
वहीं ओडिशा में 19 से 21 सितंबर तक भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसी प्रकार 19-20 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और 19 से 21 सितंबर के दौरान तेलंगाना में अलग-अलग क्षेत्रों में भारी वर्षा और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही पूर्वाेत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश में 20-23 सितंबर के दौरान गरज चमक के साथ कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
19 से 23 सितंबर के दौरान असम, मेघालय और 19-20 सितंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होगी। इसके साथ ही 22- 23 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश में भी बहुत भारी वर्षा की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ में 20 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है