दिल्ली-एनसीआर में 24 घंटे से हो रही बारिश ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। जगह-जगह सड़कें जलमग्न हो गए हैं। वहीं गाड़ियों की लंबी कतार ने जाम की स्थिति पैदा कर दी। फरीदाबाद और नोएडा जैसे शहरों में तो कक्षा 8 तक स्कूलों को बंद करने का निर्देश भी जारी कर दिया गया है। गुरुवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने मौसम का पूरा मिजाज ही बदल दिया है। बारिश के चलते दिल्ली में एक सड़क का हिस्सा धंस गया जबकि कई जगहों पर पेड़ भी उखड़ गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और छिट-पुट स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
प्रशासन ने लिया फैसला
ऐसे में राजधानी दिल्ली और एनसीआर के आसपास के इलाकों में अगले 3-4 घंटों में कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है। इसका मतलब शुक्रवार सुबह करीब 5-6 बजे के आसपास बारिश होने की पूरी संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आने वाले नोएडा में भी भारी बारिश के चलते जगह-जगह जाम और जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं प्रशासन ने इसे देखते हुए एक अहम फैसला लिया है। जानकारी के अनुसार, नोएडा में 23 सितंबर यानी आज से कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है।
इन जिलों के स्कूल रहेंगे बंद
एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के कारण स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। इनमें नोएडा, लखनऊ, अलीगढ़, कानपुर, सीतापुर, बहराइच जैसे जिले शामिल हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है।