सतना। सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सराफ पर एक महिला ने बदसलूकी और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला अपने सात माह बेटे के साथ रेवांचल एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसी कोच में सवार नशे में धुत दोनों विधायकों ने महिला से छेड़छाड़ की। मदद मांगने पर सागर जीआरपी महिला को लेकर भोपाल पहुंची और महिला की शिकायत पर सागर जीआरपी ने दोनों विधायकों के खिलाफ छेड़छाड़ और रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए प्रकरण को जबलपुर, कटनी जीआरपी को सौंपा जाएग
। पीड़िता ने पुलिस को बताई आपबीती रीवा निवासी 30 वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि छह अक्टूबर को वह रेवांचल एक्सप्रेस से रीवा रेलवे स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन(हबीबगंज) के लिए सवार हुई थी। वह अपने बेटे के साथ यात्रा कर रही थी। रात करीब 11.50 बजे सामने वाली बर्थ में कोतमा विधायक सुनील सराफ और सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा बैठे थे। उसकी साइड वाली बर्थ पर दोनों ने खाना खाया और फिर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने महिला के कंधे को छूकर उसे उठाया। वे दोनों नशे की हालत में बुरी नीयत से देख रहे थे और अनर्गल बातें कर रहे थे।
इसके बाद महिला ने अपने पति को काल कर पूरी घटना बताई। पति द्वारा ट्वीट के माध्यम से की शिकायत और मदद की गुहार पर सागर रेलवे स्टेशन पर पुलिस आई। इसके बाद उसे दूसरी सीट पर शिफ्ट कर दिया गया। महिला का आरोप है कि उसकी शिकायत के बावजूद दोनों विधायकों पर तो कोई कार्रवाई नहीं की गई अलबत्ता उसका सीट को बदल दिया गया। ये है घटनाक्रम जानकारी के मुताबिक सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ट्रेन में सवार हुए थे। जिस सीट पर महिला बैठी हुई थी। वह सीट सिद्धार्थ की थी। महिला ने बच्चा होने की वजह से सिद्धार्थ से अनुरोध किया कि वह अपनी सीट उसे दे दें । सिद्धार्थ इस पर राजी हो गए। इसके बाद कटनी में कोतमा विधायक सुनील सराफ भी इसी कोच में सवार हुए।
अब तक बर्थ की लाइट बंद कर दी गई थी। इस बीच सिद्धार्थ और सुनील सराफ उसी ट्रेन में सवार विधायक कमलेश्वर पटेल के पास पहुंचे । थोड़ी देर बाद सिद्धार्थ और सुनील नशे की हालत में महिला के पास पहुंचे और बर्थ को लेकर अभद्रता करने लगे। पति ने ट्वीट कर मांगी मदद जानकारी मिलने के बाद पति ने रेलमंत्री, पीएमओ और जबलपुर व भोपाल डीआरएम को ट्वीट कर मदद मांगी। ट्वीट मिलते ही रेलवे पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच में जुटी। रेवांचल एक्सप्रेस रात करीब एक बजे सागर रेलवे स्टेशन पर पहुंची । रेलवे पुलिस ने कोच में पहुंचकर महिला से बात की, लेकिन सागर स्टेशन पर महिला अधिकारी नहीं होने से महिला के बयान नहीं लिए जा सके।
ऐसे में जवानों की सुरक्षा में महिला को बीना स्टेशन पहुंचाया गया। जहां पदस्थ महिला अधिकारी ट्रेन में पहुंची और महिला यात्री से घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारी ट्रेन में ही महिला यात्री के साथ भोपाल पहुंची। जहां पीड़िता के बयान लिए गए। सागर में पदस्थ जीआरपी थाना प्रभारी पीके अहिरवार ने बताया कि महिला के साथ टीम गई है। टीम बयान ले रही है । बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी