अकसर बच्चे पेट में दर्द की शिकायत अधिक करते हैं। बच्चों को होने वाले पेट दर्द के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। लेकिन खराब खान-पान, अपच, गैस और एसिडिटी बच्चों में होने वाले पेट दर्द के मुख्य कारण माने जाते हैं। अकसर जब बच्चे पेट दर्द की शिकायत करते हैं, तो कुछ पेरेंट्स उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास ले जाते हैं और दवाइयां खिलानी शुरू कर देते हैं। लेकिन हर बार पेट दर्द की वजह से बच्चों को दवाइयां खिलाना उनकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में आप बच्चों के पेट दर्द को ठीक करने के लिए कुछ घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। बच्चों के पेट में दर्द के घरेलू उपाय क्या हैं (Home Remedies for Stomach Pain in Children)? बच्चे के पेट में दर्द हो तो क्या करना चाहिए? या फिर बच्चों के पेट में दर्द हो तो क्या करें ?
बच्चों के पेट में दर्द के घरेलू उपाय-
- एलोवेरा जूस
एलोवेरा जूस पेट दर्द को ठीक करने में रामबाण हो सकता है। दरअसल, एलोवेरा में कई ऐसे गुण पाए जाते हैं जो पाचन को बेहतर बनाने में मददगार होते हैं। ऐसे में जब बच्चों को पाचन से जुड़ी किसी समस्या की वजह से पेट में दर्द होता है, तो एलोवेरा का जूस पीना फायदेमंद होता है। पेट के दर्द से बच्चे को राहत दिलाने के लिए आप उसे सुबह खाली पेट एलोवेरा जूस पिला सकते हैं। इससे बच्चे को काफी आराम मिल सकता है।
- तुलसी
तुलसी औषधीय गुणों से भरपूर होता है। अगर आपके बच्चे को अकसर ही पेट में दर्द होता रहता है, तो आप उसे तुलसी के पत्ते खिला सकते हैं। इसके लिए आप तुलसी के पत्तों को पानी में उबालकर बच्चे को पानी पिला सकते हैं या फिर ताजे बत्ते खिला सकते हैं। इससे गैस और अपच में आराम मिल सकता है। साथ ही तुलसी में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो पेट के दर्द और सूजन को कम कर सकते हैं।
- अंजीर
कई बार बच्चों को अपच और कब्ज की वजह से पेट में दर्द होने लगता है। ऐसे में अंजीर पेट दर्द में आराम दिला सकता है। अंजीर में फाइबर अधिक होता है, जो भोजन को पचाने में मदद कर सकता है। साथ ही अपच को कम करता है और कब्ज से छुटकारा दिलाता है। अगर आपके बच्चे को भी अकसर की कब्ज की वजह से पेट दर्द होता है, तो आप उसे अंजीर खिला सकते हैं। इसके लिए आप अंजीर को रातभर पानी में भिगोकर रखें और सुबह इसे बच्चे को खिला दें।
- अदरक
अदरक का उपयोग कई समस्याओं का इलाज करने के लिए घरेलू उपाय के तौर पर किया जाता है। वैसे तो बच्चों को अदरक का स्वाद पसंद नहीं होता है, लेकिन उन्हें पेट दर्द करता है तो यह उनके लिए असरदार साबित हो सकता है। पेट में दर्द होने पर आप बच्चों को अदरक का काढ़ा या रस पिला सकते हैं। अदरक का सेवन करने से बच्चों को पेट में होने वाले दर्द से राहत मिलेगी। साथ ही उल्टी, मतली और अपच की समस्या से भी छुटकारा मिल सकता है।
- नींबू पानी
नींबू पानी भी बच्चों में होने वाले पेट दर्द का इलाज कर सकता है। अगर बच्चे को पेट में दर्द होता है, तो आप उसे गुनगुने पानी में नींबू का रस निचोड़कर पिला सकते हैं। इसमें काला नमक भी मिला सकते हैं। कुछ दिनों तक रोजाना बच्चों को नींबू पानी पिलाने से पेट दर्द से पूरी तरह से राहत मिल सकती है। इसी के साथ बच्चों को उल्टी, मतली, घबराहट आदि समस्याओं से भी छुटकारा मिल सकता है।