भोपाल। राजधानी में एमपीनगर पुलिस ने गुरुवार को 77 साल के शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने मृत महिला के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूखंड हड़पने की साजिश रची थी। ठगी के मामले में आरोपित की पत्नी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
एमपीनगर थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया के मुताबिक पद्मनाभ नगर ऐशबाग निवासी जिनेंद्र जैन के खिलाफ एमपीनगर में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की थी। आरोपित ने रोहित नगर गृह निर्माण समिति में एक मृत महिला के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसका भूखंड हड़प लिया था। जांच करने के बाद आरोपित और उसकी पत्नी शोभा जैन पर ठगी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
उसकी पत्नी की तलाश की गई, लेकिन वह फरार हो गई। जिनेंद्र जैन उर्फ जेके जैन सात लोगों को मिलाकर एक गिरोह चलाता है। जो फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों के साथ ठगी की वारदात करते हैं। आरोपित ने जिस मृत महिला के नाम पर रोहित गृह निर्माण समिति का भूखंड हड़पने की साजिश रची, वह कभी समिति की सदस्य ही नहीं रही है। आरोपित के खिलाफ जो आवाज उठाता है वह कुटरचित दस्तावेजों को तैयार कर न्यायालयों में उसके नाम से लोगों के खिलाफ केस लग देता है और उनको ब्लैकमेल भी करता है। आरोपित रोहित गृह निर्माण समिति का अध्यक्ष रहा है, इसका कारण उसे पूरी जानकारी है।
वह फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूखंड के नाम पर हेराफेरी कर रहा था। आरोपित शाहपुरा में भी धोखाधड़ी के मामले में छह साल पहले गिरफ्तार भी हो चुका है। तब वह 108 दिनों तक जेल में रहा था। आरोपित नाम भी बदल लेता है आरोपित इतना शातिर है कि वह अपना नाम बदलकर वारदात कर चुका है। कभी वह जिनेंद्र जैन तो कभी जेके जैन बन जाता है।
आरोपित ने इससे पूर्व स्नेहा जैन पति जय कुमार, जिनकी मृत्यु 2006 में कंटगी जबलपुर में हो चुकी है, उनके नाम का उपयोग कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करके एक अन्य महिला जिसका नाम स्नेहलता जैन था, उसको फर्जी स्नेहा जैन बना दिया जो कभी भी संस्था की सदस्य ही नहीं रही है। कूटरचित फर्जी दस्तावेज से फर्जी मुख्तारनामा तैयार कर न्यायालय में उपयोग किया।