
कर्नाटक:- कांग्रेस के पूर्व नेता एस. पी. मुद्दाहनुमेगौड़ा, अभिनेता से नेता बने शशि कुमार और भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अनिल कुमार बी. एच. बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
उन्हें यहां राज्य मुख्यालय में पार्टी में शामिल किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील मौजूद थे।तुमकुरु के पूर्व सांसद मुद्दाहनुमेगौड़ा ने सितंबर में कांग्रेस छोड़ने की घोषणा की थी। वह 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के एकमात्र मौजूदा सांसद थे, जिन्हें टिकट नहीं दिया गया था। कांग्रेस ने वह सीट राज्य में अपने तत्कालीन गठबंधन सहयोगी जद को दे दी थी। मुद्दाहनुमेगौड़ा पहले ही कुनिगल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा जता चुके हैं।