रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रख्यात अंतर्राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी किरण अग्रवाल को अखिल भारतीय शतरंज महासंघ ने भारतीय शतरंज टीम का कोच नियुक्त किया है। किरण आगामी 13 नवम्बर से 23 नवम्बर तक श्रीलंका में आयोजित होने जा रही कामनवेल्थ चेस चौम्पियनशिप में शामिल होने वाली 16 सदस्यीय भारतीय टीम में बतौर कोच शिरकत करेंगी।
कोच बनाए जाने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि उनके खेल कौशल और अनुभव का लाभ भारतीय टीम को मिलेगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने उन्हें बधाई दी और कहा की नई खेल प्रतिभाओं को तराशने में उनका अहम योगदान रहा है। इससे पूर्व 2004 में दुर्ग जिले के भिलाई की किरण अग्रवाल ने भारतीय शतरंज टीम की कोच बनने का गौरव हासिल किया था।
किरण अग्रवाल को कोच बनाये जाने पर प्रदेश के शतरंज खिलाडियों में हर्ष व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि शतरंज ओलंपियाड के समय छत्तीसगढ़ में टॉर्च रिले लाया गया था तथा टॉर्च थामने का सौभाग्य भी किरण को मिला था। सुश्री किरण के अलावा प्रवीण थिप्से, व्ही रविचंद्रन एवं प्रसन्नजीत दत्ता भी भारतीय शतरंज टीम के कोच बनाए गए हैं।