मनोरंजन। आमिर खान की फिल्म दंगल में रेसलर का किरदार निभाने वाले अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने फिल्म में जिस तरह लोगों से कुश्ती लड़ी थी उसी तरह वे अब एक गंभीर बीमारी से लड़ रही हैं. फातिमा सना शेख ने हाल ही में मिर्गी के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया में बताया कि वे खुद भी इस बीमारी से पीड़ित हैं.
अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर लोगों से अपनी कहानियों, संघर्षो और चुनौतियों को साझा करने के लिए बातचीत शुरू की. अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने लिखा कि यह मिर्गी का महीना है. अपनी कहानी, संघर्ष, चुनौतियां साझा करें. उन्होंने यह भी बताया कि ‘दंगल’ की तैयारी के दौरान उन्हें इस विकार के बारे में पता चला.
सोशल मीडिया में जब उनसे पूछा गया कि उन्हें इसके बारे में कब पता चला, तब अभिनेत्री ने लिखा, “मिर्गी की जानकारी मुझे दंगल की शूटिंग के दौरान मिली थी. अभ्यास के दौरान मुझे सीधे दौरा पड़ा और मेरी सीधे अस्पताल में आंख खुली. पहले 5 सालों तक मैंने इसे इग्नोर करती रही. लेकिन अब मुझे इसके बारे में सतर्क रहना होता है.
फातिमा सना शेख ने यह भी बताया कि वे अब जिस भी डायरेक्टर के साथ काम करती हैं उन्हें पहले ही इस बीमारी के बारे में जानकारी दे देती हैं. बता दें फातिमा सना शेख ने दंगल से शुरुआत नहीं की है बल्कि वे कमल हासन की फिल्म चाची 420 में बाल कलाकार का किरदार निभा चुकी हैं.